26.9 C
Kota
Saturday, October 17, 2026
Home Kota News पर्यटन की दृष्टि से अलग पहचान साबित करेगा कोटा का चंबल रिवर...

पर्यटन की दृष्टि से अलग पहचान साबित करेगा कोटा का चंबल रिवर फ्रंट

whatsapp image 2023 01 20 at 07.42.13

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान में कोटा का चंबल रिवर फ्रंट देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपनी तरह का सबसे अलग और अनोखा हेरिटेज रिवरफ्रंट होगा जो यहां के पर्यटन को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। जल्दी ही इसके बन कर तैयार हो जाने के बाद यह ऐसा पर्यटन स्थल साबित होगा जहां लोग बार-बार आकर इस अविस्मरणीय स्थल को निहारना चाहेंगे।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा ने राजस्थान के कोटा में अपने निर्माण के अंतिम दौर से गुजर रहे चंबल रिवर फ्रंट का गुरुवार को कोटा नगर विकास न्यास के अधिकारियों के साथ विस्तार से अवलोकन करने के बाद यह दावा करते हुए कहा कि यह विश्व स्तरीय पर्यटन प्रोजेक्ट दुनियां के ‘टूरिस्ट मैप’ पर अपनी अलग पहचान लेकर उभरेगा। उल्लेखनीय है कि नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल के ड्रीम प्रोजेक्ट माने जाने वाले कोटा में कोटा बैराज से लेकर नयापुरा इलाके में चंबल नदी के तट पर विश्व स्तरीय हैरीटेज चंबल रिवर फ्रंट का निर्माण किया जा रहा है जिसके काम को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। अभी यह चंबल रिवर फ्रंट का पहला चरण का काम है जिसे पूरा किया जा रहा है और भविष्य में इसके दूसरे चरण में भी इस चंबल रिवर फ्रंट के कार्य को विस्तारित करने की योजना प्रस्तावित है।
श्री मीणा ने गुरुवार को कोटा पहुंचकर चंबल रिवर फ्रंट को देखकर कहा कि नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल के निर्देशन में कोटा में आधारभूत सुविधाओं के साथ पर्यटन विकास के महत्वपूर्ण प्रोजेक्टस को कोटा नगर विकास न्यास ने तय वक्त पर पूर्ण कर कोटा को अनुपम योगदान प्रदान किया हैं। इस हैरीटेज चंबल रिवर फ्रंट की भव्यता देखते ही बन रही है। दुनिया का अपनी तरह का यह पहला हेरिटेज रिवर फ्रंट राजस्थान के साथ देश के पर्यटन क्षैत्र में भी ऊंची उड़ान भरेगा। यहां विकसित किए जा रहे सभी कार्य पर्यटको के आकर्षण का केन्द् बिन्दु होंगे क्योंकि ये अपने आप में विश्व पर्यटन के क्षेत्र में किसी करिश्मे से कम नहीं है। पर्यटक जब यहां पहुंच कर इस रिवर फ़्रंट का अवलोकन करेंगे तो उनकी कोटा की यात्रा अविस्मरणीय बन जायेगी क्योंकि यहां हर वर्ग के लिए रिवर फ्रंट पर विश्व स्तरीय आकर्षण मौजूद है।
चंबल रिवर फ्रंट पर विकसित किए जा रहे हैं हेरिटेज मॉन्यूमेंट्स, देश की संस्कृति सभ्यता का चित्रण करते अलग अलग थीम के घाटों के बारे में प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा ने जानकारी ली। रिवर फ्रंट के आर्किटेक्ट अनूप भरतिरिया ने प्रत्येक स्पॉट की खासियत के बारे में बताया। साथ ही रिवर फ्रंट पर विकसित किए जा रहे वर्ल्ड रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी देते हुए विश्व स्तरीय तकनीक गुणवत्ता एवं अत्याधुनिक संसाधनों के समावेश हो के बारे में प्रत्येक स्पॉट के आकर्षण को बताया। निरीक्षण के दौरान न्यास ओएसडी आरडी मीणा एवं सचिव राजेश जोशी ने नदी के दोनों किनारों पर चल रहे प्रत्येक घाट के कार्य एवं अन्य कार्यों के बारे में प्रगति रिपोर्ट के साथ साथ रिवर फ्रंट पर अंतिम चरण में चल रहे विशाल फाउंटेन के कार्यो, रिवर फ्रंट के आसपास के क्षेत्रों में किये गए विकास कार्यो सहित अन्य कार्यो के बारे में मोके पर जानकारी दी।
चंबल रिवर फ्रंट और ऑक्सीजोन सिटी पार्क का जायज़ा लेकर प्रमुख शासन सचिव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर विकास न्यास के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गौड़ सहित न्यास के अभियंताओं की टीम मौजूद रही।

Advertisement