24.4 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Literature जो लिखतीं हैं सबसे सुंदर कविताएं

जो लिखतीं हैं सबसे सुंदर कविताएं

akiwomen
फोटो साभार अखिलेश कुमार

-रानी सिंह-

rani singh 01
रानी सिंह

वे अनपढ़ गंवार स्त्रियाँ
जो लिखतीं हैं सबसे सुंदर कविताएं
उनका जिक्र नहीं किया जाता कहीं भी
न ही दर्ज होते हैं उनके नाम
इतिहास के पन्नों पर

तमाम प्रतिमानों से परे वे
गोबर लिपी देहरी पर
माटी-पानी के घोल से उंगलियों के सहारे
उकेर देती हैं खूबसूरत कविताएं

घास-फूस, तिनका-छिलका कुछ भी हो
हर चीज से रच देतीं हैं
कलात्मक कविताएं

कादो-कीचड़ में धंसकर
खेतों में रोप देती हैं क़रीने से
लहलहाती कविताएं
ताकि हर भूखी थाली तक
पहुंच हो उनकी कविताओं की

ईंट भट्ठों पर
अपने पसीने से लिखी कविताओं को
धूप में सुखा-सुखा कर
कर देती हैं चिमनी के हवाले
और जिनसे सजता है
किसी का आशियाना

जंगलों में जंगली फूलों से
वे लिखतीं हैं तरह-तरह की कविताएं
उचारतीं हैं वन देवी को
और मना लेतीं हैं
धरती को हरिहर रखने के लिए

वे लिखती आ रही हैं सदियों से
लेकिन आश्चर्य!
आश्चर्य कि वे लिखने से न उबतीं हैं
और न ही थकतीं हैं
कितनी अद्भुत कौशल है
उनके पास लिखने की
कविताओं में शब्दों के बदले
कलाएं गूँथने की
संजोने की।

©️ रानी सिंह

Advertisement
1 Comment
Oldest
Newest Most Voted