
-2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे दोनों दल; कांग्रेस की नजर सत्ता में वापसी पर तो भाजपा के सामने सरकार बचाने की चुनौती।
-दिसंबर में जयपुर में होगा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों का प्रशिक्षण शिविर
-देवेन्द्र यादव-

राजस्थान पंचायत राज चुनाव के परिणामों के बाद विपक्षी दल कांग्रेस के नेता जीत का जश्न मना रहे हैं तो दूसरी तरफ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेता अपने कमजोर प्रदर्शन पर मंथन कर रहे हैं। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों का मकसद एक है—2028 में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति को मजबूत करना। भाजपा के सामने सत्ता बचाए रखने की चुनौती है तो कांग्रेस के सामने सत्ता में वापसी का रास्ता तैयार करने की जिम्मेदारी है।
पंचायत राज चुनाव के परिणाम आने के बाद एक सवाल यह भी उठ रहा है कि कांग्रेस की जीत का सेहरा किस नेता के सिर बांधा जाए और हार का ठीकरा किसके माथे फोड़ा जाए। इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही दलों के नेताओं के बीच अलग-अलग तरह की राजनीतिक गतिविधियां दिखाई देने लगी हैं।
कांग्रेस का एक बड़ा नेता पंचायत राज चुनाव के परिणाम आने के बाद मीडिया में अचानक सक्रिय नजर आने लगा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे राजस्थान में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत का श्रेय उसकी सक्रियता को जाता है। भले ही चुनाव प्रचार के दौरान यह नेता कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मैदान में उतना सक्रिय नहीं रहा हो, लेकिन परिणाम आने के बाद मीडिया में उसकी सक्रियता लगातार बढ़ गई है। सवाल यह है कि क्या कांग्रेस की जीत का श्रेय लेने की कोशिश हो रही है?
भाजपा में हार की जिम्मेदारी तय करने के बजाय सवालों का दौर
दूसरी तरफ भाजपा के प्रमुख नेता यह पता लगाने की बात कर रहे हैं कि चुनाव में टिकट किसकी पसंद से दिए गए और चुनाव प्रभारी कितने दिन मैदान में सक्रिय रहे। इन सवालों से ऐसा लगता है, जैसे पार्टी के कुछ बड़े नेता अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि राजस्थान में सरकार उन्हीं के नेतृत्व में चल रही है।
क्या इसे सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी के रूप में देखा जाना चाहिए? आखिर क्या वजह रही कि स्थानीय निकाय चुनावों में कामयाबी मिलने के तुरंत बाद भाजपा पंचायत राज चुनावों में पिछड़ती नजर आई? क्या निकाय चुनाव की जीत ने भाजपा नेताओं को जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास से भर दिया था या फिर पंचायत राज चुनावों में संगठन और सरकार के बीच समन्वय की कमी भारी पड़ गई?
भाजपा के प्रदेश प्रभारी और संगठन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्या राजस्थान में भाजपा का संगठन और सत्ता अब तक पूरी तरह तालमेल के साथ काम नहीं कर पाए हैं? राजस्थान के एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी ने कहा कि परमात्मा ने ठीक समय पर अलर्ट कर दिया है और अब कमियों को दूर किया जाएगा। इस बयान से भी यही सवाल उठता है कि क्या पार्टी नेतृत्व को चुनाव परिणाम आने के बाद ही अपनी कमियों का अहसास हुआ?
दिसंबर में जयपुर में जुटेंगे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव
एक तरफ राजस्थान में पंचायत राज चुनाव की जीत का जश्न और दूसरी तरफ हार के कारणों पर मंथन चल रहा है, वहीं कांग्रेस ने दिसंबर महीने में अपने नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि यह प्रशिक्षण शिविर भी राजस्थान की राजधानी जयपुर में ही आयोजित होगा।
कांग्रेस के इस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे। इससे पहले निकाय और पंचायत राज चुनावों से पूर्व राजस्थान के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर पुष्कर में आयोजित किया गया था। उस शिविर में भी राहुल गांधी शामिल हुए थे।
कांग्रेस अब अपने राष्ट्रीय सचिवों को प्रशिक्षित करने के लिए राजस्थान की धरती को चुन रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या राहुल गांधी 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का रास्ता राजस्थान से तलाशने में जुटे हैं? क्या राजस्थान कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और देशभर में पार्टी की नई राजनीतिक रणनीति तैयार करने का केंद्र बनता जा रहा है?
राजस्थान से राहुल गांधी को मिल रहे सियासी संकेत
पिछले कुछ समय से राजस्थान राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए राजनीतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। कुछ समय पहले कांग्रेस ने पुष्कर में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। इसके तुरंत बाद राहुल गांधी ने कोटा की धरती से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत की।
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम युवाओं और छात्रों के बीच चर्चा का विषय बना। इसके माध्यम से कांग्रेस ने युवा और छात्र राजनीति को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई आवाज देने की कोशिश की। इसके बाद राजस्थान पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस को मिली सफलता ने पार्टी के उत्साह को और बढ़ा दिया।
अब जयपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों का प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर इस राजनीतिक सिलसिले की अगली कड़ी माना जा रहा है। सवाल यह है कि क्या राहुल गांधी राजस्थान में आयोजित इन संगठनात्मक कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयार करने की रणनीति बना रहे हैं?
राजस्थान में कांग्रेस को पंचायत राज चुनावों से जो राजनीतिक संबल मिला है, उसे पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर किस तरह इस्तेमाल करती है, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल इतना जरूर है कि भाजपा जहां पंचायत राज चुनावों में पिछड़ने के बाद अपनी कमियां तलाशने में जुटी है, वहीं कांग्रेस जीत के उत्साह के बीच संगठन को मजबूत करने की अगली तैयारी कर रही है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं।)


