22.6 C
Kota
Saturday, November 21, 2026
Home Politics and Current Affairs राजस्थान कांग्रेस को मिली नई नेतृत्व जोड़ी, क्या गहलोत-पायलट के बिना भी...

राजस्थान कांग्रेस को मिली नई नेतृत्व जोड़ी, क्या गहलोत-पायलट के बिना भी जीत का भरोसा?

लोकसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल करने के बाद कांग्रेस ने कुछ समय बाद विधानसभा के दो उपचुनाव भी जीते। स्थानीय निकाय चुनाव में भी यदि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर कांग्रेस के स्वयंभू नेताओं का टिकटों को लेकर बड़ा दबाव नहीं होता तो, शायद राजस्थान में कांग्रेस पंचायत राज चुनाव की तरह ऐतिहासिक जीत हासिल करती।

congress

-पंचायत राज चुनाव की ऐतिहासिक जीत ने डोटासरा-जूली की सियासी ताकत दिखाई

-राहुल गांधी के सामने अब 2028 के नेतृत्व का सवाल

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

क्या राजस्थान कांग्रेस में, अशोक गहलोत और सचिन पायलट के विपरीत एक नई मजबूत टीम तैयार हो गई है, जिसकी बड़ी झलक राजस्थान पंचायत राज चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद नजर आ रही है। इसका उल्लेख लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान की धरती पुष्कर जी में किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के विभिन्न राज्यों के नेताओं को राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से सीखना चाहिए।
राजस्थान में कांग्रेस की नई लीडरशिप का उदय तो 2023 के विधानसभा चुनाव को हारने के 6 महीने बाद हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में ही हो गया था। जब कांग्रेस ने गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में एक दशक बाद अपना खाता ही नहीं खोला बल्कि आठ लोकसभा की सीट जीती। लोकसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल करने के बाद कांग्रेस ने कुछ समय बाद विधानसभा के दो उपचुनाव भी जीते। स्थानीय निकाय चुनाव में भी यदि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर कांग्रेस के स्वयंभू नेताओं का टिकटों को लेकर बड़ा दबाव नहीं होता तो, शायद राजस्थान में कांग्रेस पंचायत राज चुनाव की तरह ऐतिहासिक जीत हासिल करती।सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदेश में जो माहौल पंचायत राज चुनाव में देखने को मिल रहा था ठीक वैसा ही माहौल स्थानीय निकाय चुनाव में भी था मगर उस माहौल का फायदा कांग्रेस इसलिए नहीं उठा पाई क्योंकि पार्टी के स्थानीय स्वयंभू नेताओं ने प्रत्याशियों के चयन में अपनी मनमानी दिखाई और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हुई। निकाय चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी। निकाय चुनाव का विवाद कांग्रेस हाई कमान तक पहुंचा था शायद इसीलिए पंचायत राज चुनाव में राजस्थान के स्वयंभू नेताओं ने मनमानी करने की रिस्क नहीं ली। नतीजा यह हुआ की पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस ने एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत पर कांग्रेस ही नहीं बल्कि समूचा इंडिया गठबंधन गर्व महसूस कर रहा है।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या राजस्थान में कांग्रेस अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बगैर भी जीत सकती है क्योंकि पंचायत राज चुनाव में दोनों ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार डोटासरा और टीकाराम जूली के बराबर प्रदेश भर में चुनाव के दरमियान सक्रिय नजर नहीं आए। इसके बावजूद कांग्रेस ने पंचायत राज चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की।
इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि क्या राहुल गांधी को राजस्थान में मजबूत टीम मिल गई, या यूं कहें रेस वाले घोड़े राहुल गांधी को राजस्थान में मिल गए। अब सवाल यह भी है कि राजस्थान में राहुल गांधी नेतृत्व को बदलेंगे या डोटासरा पर ही भरोसा कर 2028 तक अध्यक्ष रहने देंगे। यदि ऐसा होगा तो डोटासरा के नेतृत्व में ही राजस्थान में कांग्रेस विधानसभा का चुनाव लड़ेगी, क्योंकि 2023 में कांग्रेस राजस्थान की सत्ता से बाहर हुई थी और सत्ता से बाहर होने के बाद से पंचायत राज चुनाव तक कांग्रेस ने राजस्थान में गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव उपचुनाव और पंचायत राज चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल की है। ऐसे में ऐसी ही कामयाबी राहुल गांधी और कांग्रेस गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली की जोड़ी से 2028 में भी चाहते हैं या चाहत रखते हैं।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

Advertisement