23.4 C
Kota
Wednesday, November 25, 2026
Home Politics and Current Affairs गठबंधन की राजनीति में कांग्रेस कब तक दिखाएगी बड़ा दिल!

गठबंधन की राजनीति में कांग्रेस कब तक दिखाएगी बड़ा दिल!

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल क्षेत्रीय दलों की ताकत नहीं, बल्कि अपनी ताकत को पहचानने का है। यह काम लैपटॉप की स्क्रीन पर बैठकर नहीं, जमीन पर उतरकर ही हो सकता है। राहुल गांधी अगर जनता के बीच जाकर राजनीति की दिशा समझ सकते हैं तो कांग्रेस के रणनीतिकार ऐसा क्यों नहीं कर सकते? आखिर कब तक राहुल गांधी सड़क पर संघर्ष करते रहेंगे और पार्टी के रणनीतिकार वार रूम में बैठकर कागजी रणनीतियां बनाते रहेंगे?

photo courtesy social media

-वार रूम में बैठकर नहीं, जमीन पर उतरकर पहचाननी होगी अपनी ताकत -क्षेत्रीय दलों के दबाव में सीटें छोड़ने से पहले कांग्रेस को अपने जनाधार और वोट बैंक की हकीकत समझनी होगी

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

जब भी गठबंधन वाले राज्यों में विधानसभा चुनाव होते हैं, सीटों के बंटवारे के समय इंडिया गठबंधन के घटक दलों की ओर से एक ही तरह की दलील सामने आती है। कांग्रेस उस राज्य में कमजोर है। उसका न तो कोई जनाधार है, न मजबूत कैडर और न ही पर्याप्त वोट बैंक। अपने आपको चुनाव वाले राज्य में मजबूत बताने वाला क्षेत्रीय दल इन्हीं तर्कों के आधार पर कांग्रेस पर दबाव बनाता है और अधिक सीटें हासिल करने की कोशिश करता है। विडंबना यह है कि कांग्रेस भी क्षेत्रीय दलों के इस तर्क के सामने झुक जाती है और अंत में बड़ा दिल दिखाकर समझौता कर लेती है।

सवाल यह है कि आखिर कांग्रेस कब तक गठबंधन की राजनीति में बड़ा दिल दिखाती रहेगी? क्या कांग्रेस के पास वास्तव में उन राज्यों में अपना जनाधार नहीं है, जहां वह क्षेत्रीय दलों के साथ चुनावी समझौता करती है? या फिर कांग्रेस के रणनीतिकारों ने अपनी ही पार्टी की जमीनी ताकत को पहचानना बंद कर दिया है?

आज कांग्रेस में ऐसे रणनीतिकारों की कमी दिखाई देती है, जो जमीन पर उतरकर पार्टी की वास्तविक स्थिति का आकलन कर सकें। अब चुनावी रणनीति का बड़ा हिस्सा वार रूम में बैठकर लैपटॉप और कंप्यूटर पर आंकड़ों के विश्लेषण तक सिमट गया है। मोबाइल फोन के जरिए कार्यकर्ताओं और नेताओं से संपर्क साधकर चुनावी समीकरण बनाए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत जानने के लिए खुद मैदान में उतरने की कोशिश कम ही दिखाई देती है। नतीजा यह है कि कांग्रेस अपनी वास्तविक राजनीतिक ताकत का आकलन किए बिना ही क्षेत्रीय दलों के सामने सीटों के मामले में समझौता कर लेती है।

कांग्रेस के रणनीतिकारों को यह भी याद रखना चाहिए कि जिन राज्यों में आज क्षेत्रीय दल कांग्रेस को कमजोर बताकर उससे सीटों की मांग करते हैं, उनमें से कई राज्यों में कांग्रेस कभी लगातार सत्ता में रही है। उस समय इन क्षेत्रीय दलों के पास न तो कांग्रेस जैसा मजबूत जनाधार था और न ही कोई स्थापित कैडर या बड़ा वोट प्रतिशत। इसके बावजूद उन्होंने कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाई, अपना संगठन और कैडर तैयार किया तथा कांग्रेस से सत्ता छीनकर अपनी सरकारें बनाईं। इसका अर्थ यह है कि राजनीतिक जमीन हमेशा स्थायी नहीं होती। उसे संगठन, संघर्ष और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर मजबूत बनाया जाता है।

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के पास आज भी विभिन्न राज्यों में अपना जनाधार, कार्यकर्ता और पारंपरिक वोट बैंक मौजूद है। जरूरत इस बात की है कि पार्टी पहले अपनी वास्तविक ताकत को पहचाने। केवल क्षेत्रीय दलों के दावों के आधार पर यह मान लेना कि कांग्रेस कमजोर है, पार्टी के अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मनोबल को भी कमजोर करता है। गठबंधन करना राजनीतिक जरूरत हो सकती है, लेकिन गठबंधन की शर्तें तय करते समय अपनी ताकत को नजरअंदाज करना राजनीतिक दूरदर्शिता नहीं कही जा सकती।

इसका सबसे बड़ा उदाहरण राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा हैं। जब राहुल गांधी दिल्ली में अपने आवास या कार्यालय तक सीमित रहने के बजाय देश की सड़कों पर उतरे, तब उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में जनता की समस्याओं, युवाओं की बेचैनी, किसानों की चुनौतियों और सामाजिक असमानता की वास्तविक तस्वीर देखने को मिली। जमीन पर जनता के बीच जाने से ही उन्हें उन मुद्दों की ताकत समझ आई, जिन्हें आगे चलकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक लड़ाई का आधार बनाया।

यदि राहुल गांधी भी दिल्ली में बैठकर केवल रिपोर्टों और आंकड़ों के आधार पर राजनीति करते रहते तो क्या संविधान बचाओ और आरक्षण बचाओ जैसे मुद्दे इतनी मजबूती से कांग्रेस की आवाज बन पाते? क्या 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 99 सीटें हासिल कर पाती? क्या राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बन पाते? युवाओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर देशभर में छात्र आवाज जैसे अभियान को आगे बढ़ाने की जरूरत महसूस होती? इन सवालों पर कांग्रेस नेतृत्व को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

राहुल गांधी ने जब जमीन पर उतरकर जनता से संवाद किया तो कांग्रेस को अपनी राजनीति के लिए नए मुद्दे और नई ऊर्जा मिली। राजस्थान के पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस की जीत और युवाओं के बीच राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे भी जनता से सीधे जुड़ने की राजनीति का महत्व समझा जा सकता है। यह अनुभव बताता है कि राजनीति केवल आंकड़ों और चुनावी गणित से नहीं चलती, बल्कि जनता के बीच मौजूदगी और उसके भरोसे से आगे बढ़ती है।

आज कांग्रेस के भीतर एक अजीब स्थिति दिखाई देती है। राहुल गांधी लगातार सड़क पर उतरकर जनता के मुद्दे उठा रहे हैं, लेकिन पार्टी के कई नेता और रणनीतिकार अब भी वार रूम में बैठकर रणनीति बनाने में व्यस्त हैं। सवाल यह नहीं है कि वार रूम की जरूरत है या नहीं, बल्कि सवाल यह है कि क्या वार रूम में तैयार की गई रणनीति की जमीन पर जाकर पड़ताल भी की जा रही है?

कांग्रेस को उन राज्यों में, जहां वह क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर रही है, अपने संगठन, कार्यकर्ताओं और पारंपरिक वोट बैंक की वास्तविक स्थिति का स्वतंत्र आकलन करना चाहिए। यह भी पता लगाना चाहिए कि गठबंधन के बाद क्षेत्रीय दलों का वोट कांग्रेस के उम्मीदवारों को कितना मिला और कांग्रेस का पारंपरिक वोट गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में कितना स्थानांतरित हुआ। यदि कांग्रेस अपने वोट क्षेत्रीय दलों को हस्तांतरित कर रही है, लेकिन बदले में उन दलों का वोट कांग्रेस को नहीं मिल रहा, तो ऐसे गठबंधन की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कांग्रेस को अब गठबंधन की राजनीति में केवल बड़ा दिल दिखाने के बजाय अपनी राजनीतिक ताकत का सही इस्तेमाल करना सीखना होगा। इसके लिए रणनीतिकारों को वातानुकूलित वार रूम से बाहर निकलकर राज्यों के गांवों, कस्बों और शहरों में जाना होगा। कार्यकर्ताओं से मिलना होगा, जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता समझनी होगी और चुनावी नतीजों के पीछे छिपे वास्तविक कारणों की पड़ताल करनी होगी।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

 

Advertisement