12.3 C
Kota
Sunday, November 29, 2026
Home Politics and Current Affairs परिसीमन विधेयक: भाजपा के लिए राजनीतिक फायदा या कांग्रेस के पुनरुत्थान का...

परिसीमन विधेयक: भाजपा के लिए राजनीतिक फायदा या कांग्रेस के पुनरुत्थान का रास्ता!

photo courtesy social media

लोकसभा में सीटें बढ़ने के साथ बदलेंगे देश के राजनीतिक समीकरण? क्षेत्रीय दलों की ताकत कमजोर होने पर कांग्रेस को मिल सकता है राष्ट्रीय विकल्प के रूप में उभरने का अवसर

-देवेन्द्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

शुक्रवार, 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े विधेयकों को मंजूरी दे दी गई। अब सरकार की तैयारी 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक संख्या 132 सहित संबंधित विधेयकों को पेश करने की है। इस फैसले के साथ ही देश की राजनीति में परिसीमन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

संसद में परिसीमन विधेयक पारित होगा या नहीं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इससे पहले भी मोदी सरकार ने इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर विधेयक पारित कराने का प्रयास किया था, लेकिन विपक्ष के विरोध और आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण सरकार को सफलता नहीं मिली। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार भाजपा ने विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटा लिया है? क्या सरकार के पास संविधान संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत है? राजनीतिक गलियारों से लेकर मीडिया तक इन सवालों पर चर्चाएं तेज हैं।

यदि परिसीमन विधेयक पारित हो जाता है तो लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ जाएगी। इसके साथ ही देश के राजनीतिक और चुनावी समीकरणों में भी बदलाव आ सकता है। एक सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या लोकसभा की सीटें बढ़ने के बाद केंद्र सरकार का अगला कदम बड़े राज्यों के पुनर्गठन की दिशा में होगा? उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे बड़े राज्यों को छोटे राज्यों में विभाजित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों से समय-समय पर नए राज्यों के गठन की मांगें उठती रही हैं। हालांकि, परिसीमन और राज्यों के पुनर्गठन को अलग-अलग संवैधानिक प्रक्रियाओं के रूप में देखना होगा।
भाजपा के लिए राजनीतिक लाभ या विपक्ष के लिए नई चुनौती?
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक नफा-नुकसान का आकलन भी शुरू हो गया है। राजनीतिक चर्चाओं में यह बात सामने आ रही है कि विधेयक पारित होने की स्थिति में सत्ताधारी भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल सकता है। हालांकि, इसका एक दूसरा पहलू भी है, जिस पर राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान जाना जरूरी है। सवाल यह है कि क्या इस प्रक्रिया के दूरगामी परिणामों से देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को भी राजनीतिक रूप से फायदा मिल सकता है?

आज कांग्रेस देश के कई राज्यों में क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ती है। ऐसे में यदि भविष्य में क्षेत्रीय दलों की राजनीतिक ताकत कमजोर होती है तो राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के विकल्प के रूप में कांग्रेस के लिए अपनी जगह मजबूत करने का अवसर बन सकता है। यह भी संभव है कि विपक्षी राजनीति में क्षेत्रीय दलों की भूमिका और प्रभाव को लेकर नए समीकरण बनें।

देश की जनता के सामने भाजपा के विकल्प के रूप में कांग्रेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुकाबले राहुल गांधी की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चा हो रही है। कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार सड़क से संसद तक जनता से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पार्टी के लिए राजनीतिक जमीन तैयार होने की संभावनाओं पर भी बहस हो रही है।
कमजोर हुई है कांग्रेस, लेकिन खत्म नहीं हुई
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों के बीच अक्सर उसकी कमजोर होती स्थिति की चर्चा होती है, लेकिन कांग्रेस के राजनीतिक भविष्य को पूरी तरह नकारना जल्दबाजी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कहा था कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है और उसने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस कभी खत्म नहीं होगी।

राहुल गांधी जिस तरह जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से संसद तक उठा रहे हैं, उससे पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद दिखाई देती है। जनता के बीच राहुल गांधी की स्वीकार्यता और भरोसे को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हो रही है। खासकर दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों के बीच कांग्रेस अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। युवा, छात्र और महिलाओं के बीच भी राहुल गांधी की सक्रियता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजस्थान के पंचायत राज चुनावों के परिणामों को भी इसी राजनीतिक संदर्भ में देखा जा सकता है। इन चुनावों में कांग्रेस के टिकट पर बड़ी संख्या में युवा और महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। पार्टी की ओर से युवा और महिला जनप्रतिनिधियों का ब्लॉक प्रधान और जिला प्रमुख जैसे पदों तक पहुंचना भी संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत है।
बदलते राजनीतिक समीकरणों में कांग्रेस की भूमिका अहम
परिसीमन विधेयक केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाने या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने तक सीमित नहीं है। इसके दूरगामी प्रभाव देश की संसदीय व्यवस्था, राज्यों के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीतियों पर भी पड़ सकते हैं। ऐसे में भाजपा को संभावित राजनीतिक लाभ के साथ विपक्षी दलों के सामने पैदा होने वाली चुनौतियों और कांग्रेस के लिए खुल सकने वाली संभावनाओं पर भी नजर रखनी होगी।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मोदी सरकार इस बार परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक बहुमत जुटा पाएगी? इसका जवाब संसद के विशेष सत्र में मिलेगा। लेकिन इतना तय है कि परिसीमन पर होने वाला फैसला आने वाले वर्षों में देश की राजनीति के स्वरूप और राजनीतिक दलों की भूमिका को प्रभावित कर सकता है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। ये उनके निजी विचार हैं।)

Advertisement