26.6 C
Kota
Friday, October 16, 2026
Home Top News मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित

मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित

कांग्रेस ने बुधवार को 24 साल में अपना पहला गैर-गांधी अध्यक्ष चुना

kharge tharoor
कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा के बाद शशि थरूर मल्लिकार्जुन खडगे को बधाई देते हुए। फोटो मल्लिकार्जुन खडगे की फेसबुक वाल से साभार

-द ओपिनियन-

नई दिल्ली। दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे। कांग्रेस ने बुधवार को 24 साल में अपना पहला गैर-गांधी अध्यक्ष चुना है। अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़गे को 7897 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को करीब 1000 वोट मिले। कुल 9,500 मतों की गिनती में से 416 मत खारिज हो गए।
सबसे लंबे समय तक पार्टी अध्यक्ष रही सोनिया गांधी की जगह अब खड़गे लेंगे। सोनिया गांधी ने 1998 से 2017 और 2019 के बीच के दो वर्षों को छोड़कर अध्यक्ष पद संभाला। इस बीच की अवधि में राहुल गांधी ने अध्यक्ष का पदभार संभाला था।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मिस्त्री ने सोमवार को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी थी। उन्होंने कहा है कि यह चुनाव प्रक्रिया गुप्त मतदान के माध्यम से सम्पन्न हुई और इसमें किसी को पता नहीं चलेगा कि किसने किसे वोट दिया। कुल 9,915 प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधियों ने गुप्त मतदान में पार्टी प्रमुख को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल का गठन किया। 9,500 से अधिक ने पीसीसी कार्यालयों और एआईसीसी मुख्यालय में अपना मत डाला।
मतदान से पहले, खड़गे ने कहा था कि अगर वह अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें पार्टी के मामलों को चलाने में गांधी परिवार की सलाह और समर्थन लेने में कोई शर्म नहीं होगी। थरूर ने अपनी ओर से खड़गे का समर्थन करने वाले कुछ वरिष्ठ नेताओं पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ सहयोगी नेतागिरी में लिप्त थे और पार्टी कार्यकर्ताओं से कह रहे थे कि वे जानते हैं कि सोनिया गांधी किसे निर्वाचित करना चाहती हैं।

Advertisement