29.7 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Kota News पूर्व विधायक राजावत की अफसरों के हाथ-पैर तोड़ने की चेतावनी दी

पूर्व विधायक राजावत की अफसरों के हाथ-पैर तोड़ने की चेतावनी दी

मण्डाना टोल पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पवन राठौर के साथ कथित मारपीट की घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक श्री राजावत आज मौके पर पहुंच गए और टोल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि- मेरे कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई तो उसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करूंगा

rajawat

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान में कोटा के लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने एक बार फिर बिगड़े बोल बोले और कहा कि यदि उनके किसी कार्यकर्ता का बाल भी बांका हुआ तो वे दोषी अफसर के हाथ-पैर तोड़ देंगे ,चाहे कितना भी बड़ा बड़ा अफ़सर क्यों न हो।
श्री राजावत ने कोटा-झालावाड़ रोड पर मंडाना के पास टोल टैक्स नाके पर टोल के विवाद को लेकर एक कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट का आज विरोध व्यक्त करने के लिए आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए टोल नाका के अधिकारियों को यह चेतावनी दी।
मण्डाना टोल पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पवन राठौर के साथ कथित मारपीट की घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक श्री राजावत आज मौके पर पहुंच गए और टोल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि- मेरे कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई तो उसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करूंगा और अगर भविष्य में किसी कार्यकर्ता का बाल भी बांका हुआ तो दोषी अधिकारी कितना ही बड़ा क्यों न हो, उसके हाथ-पैर तोड़ दिये जायेंगे। उसके बाद चाहे पुलिस मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल ही भिजवा दे वो इसकी परवाह नहीं करेंगे। मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को भी चेताते हुए उन्होंने कहा कि वे जनता के रक्षक हैं, टोल प्रशासन के हिमायती बनने की कोशिश न करें।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए श्री राजावत ने कहा कि जनता की भावनाओं का आदर करते हुए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने कोटा-झालावाड़ फोर लेन राजमार्ग बनवाया और पूरे देश के अनुरूप यहां पर भी टोल लागू किया गया, उस समय भी उन्होने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी थी कि मण्डाना एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के वाहन टोल फ्री निकाले जाये। तब टोल प्रबंधन ने यह बात मानते हुए क्षेत्रीय लोगों के वाहन निकालना शुरू किया लेकिन वर्तमान टोल प्रबंधक व अन्य टोल कर्मचारियों ने बजरंग दल कार्यकर्ता पवन राठौर के साथ अकारण ही मारपीट व दुर्व्यवहार किया जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश भड़क गया।
मौके पर मौजूद मण्डाना थानाधिकारी श्यामाराम विश्नाई ने श्री राजावत को भरोसा दिलवाया कि मुख्य आरोपी टोल प्रबंधक को तीन दिन में गिरफ्तार कर लिया जायेगा और उसे टोल से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है, वहीं टोल संचालकों को इस बात के लिए पाबंद कर दिया गया है कि वे कार्यकर्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार करें और अब ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी। प्रदर्शनकारियों में बजरंग दल चित्तौड़ प्रांत के सह संयोजक योगेश रेनवाल, मण्डाना मण्डल अध्यक्ष हुकमचन्द शर्मा, पं.स. सदस्य सोनू नागर, पूर्व सरपंच प्रेमराज बंजारा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Advertisement