23.5 C
Kota
Sunday, October 18, 2026
Home Top News लडाकू विमान उड़ा , मिसाइल दागी और गुब्बारा ढेर

लडाकू विमान उड़ा , मिसाइल दागी और गुब्बारा ढेर

penta

-तल्खी के बीच चीनी जासूसी गुब्बारे को अमरीका ने मार गिराया

-द ओपिनियन-

वॉशिगंटन। अमेरिका ने चीन से तल्खी के बीच चीनी जासूसी गुब्बारे को अटलांटिक महासागर के उपर मार मार गिराया है। चीन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उसने कहा है कि इस मामले में अमेरिका की प्रतिक्रिया अतिवादी रही और यह अंतरराष्ट्रीय हितों का उल्लंघन था। हम इस मामले में जरूरी प्रतिक्रिया देने का अधिकार भी अपने पास सुनिश्चित रखते हैं। एक प्रकार से चीन की प्रतिक्रिया धमकी जैसी है कि उसके पास जवाबी कार्रवाई का अधिकार है।
यह चीनी गुब्बारा पहले अमेरिकी जमीन के ऊपर उड़ान भर रहा था। उसने कनाडा के हवाई क्षेत्र के उपर भी उड़ान भरी। बाद में यह समुद्र की ओर बढ़ गया। इसके बाद पेंटागन ने कार्रवाई की। अमेरिकी लड़ाकू विमान ने मिसाइल दागकर इसे मार गिराया। अमरीकी रक्षा सचिव के हवाले मीडिया में आई खबरों के अनुसार राष्ट्रपति बाइडेन के निर्देश के बाद अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने अमेरिकी हवाई क्षेत्र में दक्षिण कैरोलिना के तट पर समुद्र के ऊपर चीनी निगरानी गुब्बारे को मार गिराया। मीडिया में आई खबरों के अनुसार इस गुब्बारे को अमेरिकी वायु सेना के एफ-22 रैप्टर विमान ने एटीएम9 एक्स साइडविंडर मिसाइल से मार गिराया। इस गुब्बारे ने एक हफ्ते पहले अमेरिकी हवाई सीमा में प्रवेश किया था। यह कोई साधारण गुब्बारा नहीं था। इसका आकार तीन स्कूली बसों के बराबर था। इसलिए अमरीका ने इसे मार गिराने से पहले संभावित नुकसान का आकलन भी किया। हालांकि गुब्बारे के स्वरूप को लेकर विवाद भी रहा। अमेरिका ने इसे जासूसी गुब्बारा बताया था, वहीं चीन ने इसे सामान्य मौसम संबंधी जानकारी जुटाने व अनसंधान वाला गुब्बारा बताया। अमरीका अब गुब्बारे के मलबे की तलाश में जुट गया है। ताकि उसका अध्ययन किया जा सके।

अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुब्बारे को मार गिराने के लिए बुधवार को ही आदेश जारी कर दिया था। लेकिन, तब अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने गुब्बारे के समुद्र के ऊपर जाने का इंतजार किया। ताकि गुब्बारे को मार गिराने पर आसमान से गिरने वाले मलबे से जमीन पर कोई नुकसान न हो। जैसे ही गुब्बारा अटलांटिक महासागर के उपर पहुंचा अमरीकी लडाकू विमानों ने इसे मार गिराया। बाइडेन ने इसके लिए अमरीकी एविएटर्स को बधाई दी है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि गुब्बारे को अटलांटिक महासागर के अमेरिकी तट से लगभग छह समुद्री मील की दूरी पर अपेक्षाकृत उथले पानी में गिराया गया चीनी गुब्बारे का मलबा सात मील समुद्र में फैला हुआ है। इसकी खोजबीन के लिए कई अमेरिकी सैन्य जहाज पहले से ही मौके पर तैनात कर दिए गए थे।

अमेरिकी कार्रवाई पर लाल पीला हुआ चीन

चीन अब अमरीकी कार्रवाई पर खूब लालपीला हो रहा है। चीन ने दावा किया था कि गुब्बारा गलती से भटककर अमेरिकी हवाई क्षेत्र में चला गया था। लेकिन अमरीकी अधिकारियों ने चीन के इस दावे को खारिज कर दिया था। और अंततः इसे मार गिराकर अपनी सैन्य क्षमता का भी परिचय दे दिया।

Advertisement