20.9 C
Kota
Tuesday, November 24, 2026
Home Politics and Current Affairs यूपी में सीटों का गणित : सपा की 26 और कांग्रेस की...

यूपी में सीटों का गणित : सपा की 26 और कांग्रेस की 130 सीटों की दावेदारी!

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प और चर्चा का विषय यह है कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों के बीच सीट बंटवारे की इतनी बड़ी कवायद चल रही है, लेकिन कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव और डिंपल यादव इसमें सीधे तौर पर मौजूद क्यों नहीं हैं?

photo courtesy social media

अखिलेश की जगह रामगोपाल यादव ने संभाली कमान

राहुल और प्रियंका गांधी की गैरमौजूदगी के सियासी मायने क्या हैं?

क्या लोकसभा में सपा की 37 सीटें कांग्रेस की मजबूरी बनेंगी?

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने कमान संभाल रखी है। चर्चा है कि रामगोपाल यादव कांग्रेस को 2027 के विधानसभा चुनाव में लड़ने के लिए केवल 26 सीटें देने को तैयार हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से 130 विधानसभा सीटों की मांग की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प और चर्चा का विषय यह है कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों के बीच सीट बंटवारे की इतनी बड़ी कवायद चल रही है, लेकिन कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव और डिंपल यादव इसमें सीधे तौर पर मौजूद क्यों नहीं हैं? क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस को 26 से अधिक सीटें देने के पक्ष में नहीं है और कांग्रेस 100 से कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है? क्या इसी वजह से अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने सीट बंटवारे की बातचीत से दूरी बना रखी है?

यूपी की सीटों से बड़ा सवाल, लोकसभा में सपा की ताकत

कांग्रेस हाईकमान शायद यह समझ रहा है कि मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत कांग्रेस को कितनी सीटें मिलती हैं, उससे कहीं बड़ा सवाल लोकसभा में समाजवादी पार्टी की 37 सीटों का है। लोकसभा में विपक्ष की मजबूती के लिहाज से सपा की ये सीटें बेहद महत्वपूर्ण हैं। वहीं, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के लिए भी इन सीटों का राजनीतिक महत्व है।

कांग्रेस हाईकमान शायद इस राष्ट्रीय राजनीतिक समीकरण को समझ रहा है। यही वजह है कि सीट बंटवारे की मेज पर अखिलेश यादव की जगह रामगोपाल यादव नजर आ रहे हैं। रामगोपाल यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति के समीकरणों को भी बखूबी समझते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वे कांग्रेस की इसी राजनीतिक मजबूरी को ध्यान में रखकर उत्तर प्रदेश में उसे केवल 26 सीटें देने की बात कर रहे हैं?

कांग्रेस के सामने इस समय दोहरी चुनौती है। एक तरफ उसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत और संगठन की स्थिति के अनुरूप सम्मानजनक सीटें हासिल करनी हैं, तो दूसरी तरफ लोकसभा में समाजवादी पार्टी की 37 सीटों के कारण बने विपक्षी समीकरण को भी बचाए रखना है। लोकसभा में सपा की मजबूत मौजूदगी विपक्ष को ताकत देती है। ऐसे में क्या राहुल गांधी और कांग्रेस इस समीकरण को बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश में सीटों के मामले में कोई बड़ा राजनीतिक जोखिम उठाने को तैयार होंगे?

सपा को कांग्रेस की कमजोरी का फायदा मिलेगा या उलटा पड़ेगा दांव?

क्या समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव कांग्रेस की इसी स्थिति का फायदा उठाना चाहते हैं? अगर ऐसा है तो क्या समाजवादी पार्टी को इसका राजनीतिक लाभ मिलेगा या फिर उत्तर प्रदेश में भी बिहार जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है?

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को पूरा भरोसा है कि समाजवादी पार्टी के साथ सम्मानजनक समझौता होगा और सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच आम सहमति बन जाएगी। फिलहाल इस भरोसे की परीक्षा सीटों के बंटवारे के दौरान होगी। इसका इंतजार करना होगा कि पहले दोनों दलों के बीच सीटों पर सहमति बनती है या नहीं और फिर विधानसभा चुनाव के नतीजे क्या तस्वीर पेश करते हैं।

गठबंधन की राजनीति ने कांग्रेस को कमजोर किया, लेकिन तस्वीर बदल रही है

जहां तक उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति का सवाल है, यह भी एक तथ्य है कि गठबंधन की राजनीति करते-करते कांग्रेस राज्य में कमजोर होती चली गई। लंबे समय तक कांग्रेस ने क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा और धीरे-धीरे उसका अपना राजनीतिक आधार कमजोर होता गया। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखें तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अब पहले जैसी कमजोर नहीं रही है। राहुल गांधी को चाहने और उनका समर्थन करने वाले लोगों की संख्या पहले से बढ़ी है। ऐसे में कांग्रेस की राजनीतिक ताकत को कम करके आंकना समाजवादी पार्टी के लिए भी आसान नहीं होना चाहिए।

कांग्रेस को कम आंकने का राजनीतिक नुकसान पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और बिहार में तेजस्वी यादव उठा चुके हैं। समाजवादी पार्टी को इन दोनों राज्यों के राजनीतिक अनुभवों से सबक लेना चाहिए। गठबंधन में किसी दल की ताकत को केवल उसकी मौजूदा सीटों के आधार पर नहीं आंका जा सकता। उसके जनाधार, राजनीतिक संभावनाओं और भविष्य की भूमिका को भी समझना जरूरी है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन केवल सीटों के बंटवारे का मामला नहीं है, बल्कि यह इंडिया गठबंधन की एकजुटता और भविष्य की राजनीति से भी जुड़ा है। दोनों दलों के सामने चुनौती है कि वे अपने-अपने राजनीतिक हितों को साधते हुए गठबंधन की ताकत को कमजोर न होने दें।

अब देखना यह है कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें देने के लिए तैयार होती है या नहीं। क्योंकि गठबंधन में सम्मान और भरोसा भी उतना ही जरूरी है, जितना चुनाव जीतने का गणित।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। ये उनके निजी विचार हैं।)

Advertisement