29.5 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Aapno Rajasthan बाघों के स्वछंद विचरण के लिये सुरक्षा जरूरी

बाघों के स्वछंद विचरण के लिये सुरक्षा जरूरी

पगमार्क फ़ाउंड़ेशन का मुख्यमंत्री से सुरक्षा प्रहरियों के खाली पद भरने का अनुरोध

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। कोटा के स्वयंसेवी संगठन पगमार्क फाउंडेशन के एक प्रतिनिधि मंडल ने राजस्थान के मुखमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर उन्हे सौंपे विस्तृत ज्ञापन में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में सुरक्षा प्रहरियों के रिक्त पद भरने का अनुरोध किया है। पगमार्क फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष देवव्रत सिंह हाडा ने बताया कि मुकुंदरा में आधे से ज्यादा सुरक्षा गार्ड्स के पद रिक्त पड़े हुए है। साथ ही सिर्फ दो रेंजर तैनात है। एसे में यहां बाघ व अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा की कल्पना करना भी बेमानी है इसलिए प्राथमिमता से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में सुरक्षा गार्ड्स के रिक्त पड़े पद भरना आवश्यक है।देवव्रत हाडा ने कहा कि इसकी वजह से पूर्व में यहां बाघों की सुरक्षा सही तरीके से नहीं हो पाई व इस पर सवालिया निशान अब भी लगा हुआ है।

 ग्रामीणों का विस्थापन तुरंत किया जाये

देवव्रत हाडा ने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को फ़िर से बाघों से आबाद करने के लिये यह बहुत जरूरी है कि सुरक्षा प्रबंधों के साथ ही मुकुंदरा हिल्स इलाके में बसे ग्रामीणों का विस्थापन तुरंत किया जाये। बाघ संरक्षण की दिशा में यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि मुकुंदरा में बाघों की सुरक्षा के साथ साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी जरूरी है। देवव्रत हाडा ने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाईगर रिजर्व के दरा क्षेत्र में टाइगर एनक्लोजर बनाया गया और जंगल में चराई प्रतिबंधित कर दी गई किन्तु कालांतर में मुकुंदरा के दरा स्थित एनक्लोजर में उपस्थित चार में से तीन टाइगर मर गए और बची हुई एक बाघिन एमटी-4 को भी सेल्जर में में छोड़ दिया गया। फ़ाउंडेशन ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की है की राजस्थान सरकार की तरफ़ से दरा में बाघों के लिए करोड़ों खर्च कर उसे विकसित किया था और जो अब बदहाल स्थिति में है इसीलिए दरा क्षेत्र को उपेक्षित ना किया जाए और जल्द से जल्द बाघ शिफ्ट किए जाए। कोटा से मिलने गये प्रतिनिधिमंड़ल ने मुख्यमंत्री से कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व हमारी आन-बान और शान है,इसको सरकार नजरंदाज ना करे । यह वन एवं वन संरक्षण के लिहाज से किसी भी तरह उचित नही है। पर्यावरण प्रेमी कपिल गहलोत ने बताया कि मुकुंदरा को आबाद करने की लिए हम हर दरवाजा खटखटाएंगे।

मुख्यमंत्री का आश्वासनः टाइगर रिजर्व हमारी प्राथमिकता में

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रतिनिधिमंड़ल को आश्वासन दिया कि मुकुंदरा हिल्स टाईगर रिजर्व में जल्द बाघ भी शिफ्ट किया जाएगा और बाघ संरक्षण की दिशा में राजस्थान सरकार द्वारा किया गया काम जल्द मुकुंदरा हिल्स में भी दिखाई देगा। यह टाइगर रिजर्व पहले ही से हमारी प्राथमिकता में शामिल है।इस दौरान अजीत सिंह राठौड़, अर्पित मेहरा, ज्ञानवर्धन सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।

Advertisement