26.6 C
Kota
Friday, October 16, 2026
Home Kota News कोटा को नये प्राइवेट बस स्टैंड़ की सौगात जल्द

कोटा को नये प्राइवेट बस स्टैंड़ की सौगात जल्द

bus
प्रतीकात्मक फोटो

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल की पहल पर कोटा शहर के विभिन्न हिस्सों में प्राइवेट बसों के खड़े होने से उत्पन्न हो रही जाम की समस्या से भी जल्द निजात मिलने जा रही है। इसके लिये कोटा में नये प्राइवेट बस स्टैंड़ अब जल्द बनकर तैयार हो जायेगा।
आकाशवाणी मुख्य सड़क के नजदीक हाट बाजार के पास नगर विकास न्यास ने अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बस स्टैंड का निर्माण किया है जिसका कार्य अंतिम चरण में है। श्री धारीवाल ने बताया कि कोटा में आवागमन सहित पर्यटन विकास एवं जन उपयोगी अभूतपूर्व कार्य करवाए गए हैं। कोटा शहर में जगह-जगह पर प्राइवेट बसों के खड़े होने से ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलवाने और प्राइवेट बसों को बस स्टैंड की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाते हुए बस स्टैंड का निर्माण करवाया गया है। इसका कार्य अंतिम दौर में है। जल्द ही कार्य पूर्ण होते ही शहर वासियों को जहां आधुनिक बस स्टैंड की सुविधाएं, आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी वहीं ट्रैफिक जाम की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
नगर विकास न्यास के अधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि श्री धारीवाल के निर्देशन में कोटा में विकास के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पूर्ण हुए हैं। इसी कड़ी में शहर में जगह जगह प्राइवेट बसों के संचालन से हो रही जाम की समस्या से मुक्त करने एवं यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाट बाजार के पास करीब तीन करोड़ की लागत से 140 गुणा 30 मीटर क्षेत्रफल में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बस स्टैंड का निर्माण करवाया गया है। सूत्रों ने बताया कि बस स्टैंड पर 105 गुना 6 मीटर क्षेत्र में सेटिंग शेड भी विकसित किया गया है जहां करीब 200 यात्री सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। बस स्टैंड पर जन सुविधाएं विकसित किए जाने के साथ दो कैंटीन भी बनाई गई है, वही बस स्टैंड पर हरियाली के लिए प्लांटर का भी निर्माण करवाया गया है जहां वृक्षारोपण किया जा रहा है। बस स्टैंड पर एक समय में 10 से अधिक बसें यात्रियों के लिए ठहर सकेंगे और यात्रियों को बसों में बिठाकर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचाएंगी।
स्लीपर कोच एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चांदना ने शहर के बीच प्राइवेट बस स्टैंड विकसित किए जाने पर यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल का आभार जताते हुए कहा कि बस स्टैंड के निर्माण से बस मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। प्राइवेट बसों की बुकिंग अधिकांश ऑनलाइन यात्री करवाते हैं। ऐसे में बुकिंग होने के पश्चात सीधे बस स्टैंड पहुंचकर अपनी यात्रा कर सकेंगे, वही प्राइवेट बसों के शहर में जगह-जगह होने वाले ठहराव से होने वाली समस्याओं के साथ पुलिस चालान से भी मुक्त हो जायगे।

Advertisement