33.7 C
Kota
Saturday, October 17, 2026
Home Politics and Current Affairs गहलोत, रंधावा और डोटासरा कल कोटा में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे

गहलोत, रंधावा और डोटासरा कल कोटा में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे

whatsapp image 2023 03 31 at 19.34.48

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को कोटा आएंगे जहां वे कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। श्री गहलोत हेलीकॉप्टर से कल सुबह 10 बजे जयपुर से प्रस्थान कर करीब 10:45 बजे कोटा पहुंचेंगे और 11 बजे कोटा के नयापुरा स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन को राजस्थान में कांग्रेस के प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल समेत प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। सरकारी सूत्रों ने बताया कि श्री गहलोत कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के बाद दोपहर को हेलीकॉप्टर से वापस जयपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 1 अप्रेल को प्रस्तावित दौरे को लेकर कलक्टर ओ पी बुनकर एवं पुलिस अधीक्षक शहर शरद चौधरी ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर तैयारियों को अन्तिम रूप दिया।
कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय की प्रस्तावित दौरे में दी गई जिम्मेदारियों को सभी अधिकारी टीम भावना के साथ पूरा करें। सुरक्षा व्यवस्था, मार्ग पर साफ-सफाई एवं सभा स्थल महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आवश्यक व्यवस्थाओं को सभी अधिकारी जांच कर गुणवत्ता के साथ पूरा करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारी एयरपोर्ट से लेकर सम्पूर्ण मार्ग पर सतर्कता के साथ पूरी जिम्मेदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने प्रशासनिक पुलिस अधिकारियों को अपना पहचान कार्ड साथ रखने, कारकेट एवं सभा स्थल पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षात्मक दृष्टि से सभी अधिकारियों को सम्पूर्ण दौरे में टीम भावना के साथ कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह, शहर बृजमोहन बैरवा, एएसपी राजेश यादव, एएसपी सिटी प्रवीण जैन, मुख्यालय रामकल्याण, महिला अनुसंधान सेल उमा शर्मा, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. संगीता सक्सेना सहित सभी विभागों के अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement