29.5 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Politics and Current Affairs गहलोत-पायलट में फिलहाल सुलह के आसार, किसी पक्ष पर कार्यवाही की संभावना...

गहलोत-पायलट में फिलहाल सुलह के आसार, किसी पक्ष पर कार्यवाही की संभावना नहीं

राहुल गांधी की राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए आज संगठन महासचिव केसी वेणुगोपालन की उपस्थिति में लंबे समय बाद एक बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक बार फिर रूबरू हुए और एक-दूसरे का अभिवादन भी किया

-कृष्ण बलदेव हाडा-

kbs hada
कृष्ण बलदेव हाडा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की पहल पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके विरोधी पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच फिलहाल सुलह के संकेत मिल रहे हैं लेकिन साथ ही श्री गहलोत बातों ही बातों में यह स्पष्ट कहते नजर आए कि वे पार्टी में सचिन पायलट का अस्तित्व स्वीकार करते हैं, लेकिन साथ ही उनके किसी समर्थक मंत्री या विधायक के खिलाफ कार्यवाही नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि दो महीने पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले सचिन पायलट के बीच कलह की खबरों के बाद तत्कालीन पार्टी महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे राजस्थान के प्रभारी अजय माकन के साथ दोनों पक्षों में सुलह के लिए जयपुर पहुंचे थे लेकिन अजय माकन की सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिशों की आशंका को देखते हुए अशोक गहलोत समर्थक विधायकों ने पार्टी की ओर से बुलाई विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करते हुए वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल के आवास पर समानांतर बैठक आयोजित कर बहुमत के साथ अशोक गहलोत के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त कर दी थी। इसके बाद श्री खडगे और अजय माकन को दोनों पक्षों में सुलह के बिना ही वापस लौटना पड़ा था।

venu gopal
संवाददाताओं को संबोधित करते वेणुगोपाल। फोटो साभार ट्विटर

अब जबकि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा दिसम्बर माह के पहले सप्ताह में झालावाड़ जिले के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करने वाली है, तब श्री गांधी के मध्य प्रदेश में दिए गए इस बयान कि- अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों ही पार्टी की थाती (ऎसेट्स) है, के बाद इन दोनों नेताओं के बीच विवाद पर शांति की छायी नजर आ रही हैं। राहुल गांधी की राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए आज संगठन महासचिव केसी वेणुगोपालन की उपस्थिति में लंबे समय बाद एक बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक बार फिर रूबरू हुए और एक-दूसरे का अभिवादन भी किया।
इसी के बाद भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी की बैठक हुई लेकिन इस बैठक से पहले बैठक स्थल के बाहर मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी ही दोनों को पार्टी की ऎसेट्स मान चुके हैं। यह उनका अच्छा बयान है। जब उन्होंने मान लिया है तो सभी कार्यकर्ता पार्टी की ऎसेट्स है। श्री गहलोत ने यह भी संकेत दिया कि यदि उन्हें ऐसेट्स माना है तो उनके साथियों को भी पार्टी का ऐसेट्स ही समझा जाना चाहिए। उनका इशारा कांग्रेस के वरिष्ठ मंत्रियों और विधायकों की ओर था जिन्होंने गत 25 सितम्बर को समानांतर विधायक दल की बैठक बुलाकर उन्हें सर्वमान्य रूप से अपना नेता माना था लेकिन उसके बाद पार्टी ने वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल, मंत्री महेश जोशी और राजस्थान पर्यटन निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ को कारण बताओ नोटिस दिया था जिसका वे तीनों जवाब भी दे चुके हैं। श्री गहलोत ने आज यह संकेत दिया कि यदि वे ऐसेट्स हैं उनके किसी समर्थक के खिलाफ कोई कार्यवाही उन्हें मंजूर नहीं है।

sachin
संवाददाताओं को संबोधित करते सचिन पायलट। फोटो साभार ट्विटर

बहरहाल आज राहुल गांधी की राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम को लेकर हुई बैठक में सब कुछ शांति पूर्वक तरीके से होता हुआ नजर आया और इस बात के संकेत भी मिलते रहे कि फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर प्रहार करने से बाज आएंगे। कम से कम श्री गहलोत के नेतृत्व को तो कोई खतरा फिलहाल नजर नहीं आ रहा। इस बैठक के बाद बाहर मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह हमारी पार्टी की खासियत है कि हम एक जुट रहते हैं। हमारी अगली चुनौती अगला विधानसभा चुनाव जीतना है और हम इसके लिए सब मिलजुल कर काम करेंगे।

Advertisement