
-निकाय चुनाव की हार से पंचायत चुनाव की जीत तक बदली तस्वीर; डोटासरा-जूली की जोड़ी राहुल गांधी के भरोसे पर खरी उतरी
-देवेन्द्र यादव-

यदि कांग्रेस के नेता एकजुट होकर प्रत्याशियों का चयन करें और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ें तो कांग्रेस आज भी कमजोर नहीं है। राजस्थान के पंचायत राज चुनाव के 20 नवंबर को आए परिणामों ने यह साबित कर दिया है। पंचायत चुनाव में कांग्रेस की आंधी नजर आई, जबकि कुछ महीने पहले ही हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।
स्थानीय निकाय चुनाव के समय लग रहा था कि कांग्रेस की स्थिति मजबूत रहेगी, लेकिन चुनाव परिणाम उम्मीदों के उलट आए। इसकी बड़ी वजह प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की आपसी गुटबाजी और टिकट वितरण में मनमानी को माना गया। टिकटों के बंटवारे को लेकर उठा विवाद कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचा था। नतीजा यह हुआ कि पार्टी को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के हाथों बुरी हार झेलनी पड़ी।
लेकिन स्थानीय निकाय चुनाव की हार के बाद शायद कांग्रेस नेताओं ने सबक सीखा। पंचायत राज चुनाव में प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव प्रचार तक पहले जैसी गलतियां दोहराने से बचने की कोशिश की गई। नेताओं ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता दिखाई और पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। इसका परिणाम सामने है। स्थानीय निकाय चुनाव के कुछ ही महीनों बाद हुए पंचायत राज चुनाव में ग्रामीण मतदाताओं ने सत्ताधारी भाजपा की डबल इंजन सरकार को बड़ा झटका दिया है।
कांग्रेस के पास नेताओं और कार्यकर्ताओं की कमी नहीं
राजस्थान कांग्रेस के भीतर आज भी प्रभावशाली नेताओं की लंबी फौज है। जमीनी स्तर पर पार्टी के प्रति समर्पित और वफादार कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या है। प्रभावशाली नेताओं के राजनीतिक अनुभव और समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत जब एक साथ मिलती है तो विपरीत परिस्थितियों में भी कांग्रेस को कामयाबी दिलाने का माद्दा रखती है।
राजस्थान इसका बड़ा उदाहरण है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है, लेकिन वर्ष 2023 में सत्ता गंवाने के बाद भी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने हौसले कमजोर नहीं होने दिए। वे सत्ताधारी भाजपा की नीतियों के खिलाफ लगातार सड़कों पर संघर्ष करते रहे।
इसका असर चुनावों में भी दिखाई दिया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने लंबे समय बाद राजस्थान की 25 में से 9 सीटें जीतकर बड़ी कामयाबी हासिल की। इसके बाद अंता और दौसा विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। अब पंचायत राज चुनाव में मिली बड़ी सफलता ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।
निकाय चुनाव की हार और पंचायत चुनाव की जीत में छिपा सियासी संदेश
पंचायत राज चुनाव का परिणाम कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के लिए राजनीतिक चुनौती भी है और चेतावनी भी। इसकी वजह यह है कि महज कुछ महीनों के अंतराल में प्रदेश की जनता ने स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को जबरदस्त हार दी और पंचायत राज चुनाव में उसे बड़ी जीत दिलाई।
दोनों चुनावों के नतीजों में छिपा संदेश साफ है। जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार नहीं रही है, बल्कि पार्टी के नेताओं से एकजुटता और बेहतर राजनीतिक रणनीति की अपेक्षा कर रही है। यदि कांग्रेस के स्वयंभू नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर आपस में उलझने के बजाय पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान दें, टिकट वितरण में व्यक्तिगत पसंद-नापसंद को हावी न होने दें और मिलकर चुनाव लड़ें तो वर्ष 2028 में राजस्थान की सत्ता में वापसी का रास्ता खुल सकता है।
दरअसल, कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती भाजपा से मुकाबला करने से पहले अपने भीतर के मतभेदों को दूर करना है। जब पार्टी के नेता एक मंच पर खड़े होते हैं तो कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और उसका असर चुनावी नतीजों में भी दिखाई देता है। पंचायत राज चुनाव की जीत ने इसी बात को फिर साबित किया है।
डोटासरा-जूली की जोड़ी ने पेश की एकजुटता की मिसाल
पंचायत राज चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की जोड़ी को कांग्रेस के दूसरे राज्यों के नेताओं के सामने एक मिसाल के रूप में पेश किया था। अब पंचायत राज चुनाव के परिणाम बता रहे हैं कि डोटासरा और जूली की जोड़ी राहुल गांधी के भरोसे पर खरी उतरी है।
इन चुनाव परिणामों ने यह भी संकेत दिया है कि प्रदेश कांग्रेस में यदि नेतृत्व के स्तर पर तालमेल बना रहे और सभी नेता एक-दूसरे की ताकत बनकर चुनाव मैदान में उतरें तो पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। राहुल गांधी भी कांग्रेस में इसी तरह की एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व की अपेक्षा रखते हैं।
कुल मिलाकर राजस्थान में कांग्रेस कमजोर नहीं है। पार्टी के पास जनाधार भी है, प्रभावशाली नेता भी हैं और संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता भी। जरूरत सिर्फ इतनी है कि नेता आपसी खींचतान छोड़ें, मजबूत प्रत्याशियों का चयन करें और पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ें। पंचायत राज चुनाव की जीत ने कांग्रेस को यह भरोसा जरूर दिया है कि 2028 में राजस्थान की सत्ता में वापसी का सपना हकीकत बन सकता है। लेकिन इसके लिए नेताओं को चुनावी जीत के इस संदेश को समझना होगा।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। ये उनके निजी विचार हैं।)

