कुन्हाडी थाना क्षेत्र में एक के बाद एक चोरी की वारदातें

30 सेकंड में बाइक चुराई

-दुष्यन्त सिंह गहलोत-

कोटा। शहर में इन दिनों बदमाश बैखोफ हैं और वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बीते 7 दिनों में एक ही इलाके में 3 चोरी की वारदात हो चुकी हैं। लेकिन अभी तक बदमाशों का पता नहीं चला है। इनमें दो चोरी की घटना तो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

बूंदी रोड़ स्थित तिरपाल के शोरुम के बाहर खड़ी बाइक को बदमाश 30 सेकंड में लेकर फरार हो गया। 20 सेकंड तो बदमाश ने वहां लगे नल में पानी पिया। 10 सेकंड में बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना 20 नवंबर दोपहर की है। रजत जैन ने बताया कि उनके शोरूम पर 5-7 लड़के काम करते है। शोरूम पर काम करने वाले मुकुट मेघवाल की बाइक शोरूम के साइड में खड़ी थी। बदमाश पानी पीने के बहाने आया और यहां से बाइक लेकर चला गया। मुकुट ने बताया कि सालभर पहले भी यहीं से बाइक चोरी हुई थी। 5-6 महीने बाद नयापुरा थाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह पकड़ा था। उसमें बाइक मिली थी। अब फिर से बाइक चोरी हो गई।

रजत ने बताया कि बाइक चोरी की घटना से तीन दिन पहले रात के समय अज्ञात बदमाश नाले में लगे भारी भरकम लोहे के ढक्कन को लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं पास ही दुकान पर काम करते समय एक वेल्डिंग वाले का ताला दिन दहाड़े अज्ञात बदमाशों ने चुरा लिया। 7 दिन में चोरी की 3 घटना होने से इलाके के लोग सहमे हुए है।

Advertisement