28.5 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Kota Railway ” सवाईमाधोपुर से श्योपुर, शिवपुरी होकर झांसी तक बने रेललाइन तो कोटा,...

” सवाईमाधोपुर से श्योपुर, शिवपुरी होकर झांसी तक बने रेललाइन तो कोटा, जयपुर को मिलेगा फायदा”

train
file photo

-धीरेन्द्र राहुल-

धीरेन्द्र राहुल

(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार)

कितनी बड़ी
Good News है, लेकिन मैंने इसे कोटा के अखबारों में नहीं पढ़ा लेकिन  जब यह वीडियो सामने आया तो खुशी का पारावार नहीं रहा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मध्यप्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रभारी हैं। उन्होंने शिवपुरी में सभा को संबोधित करते हुए 104 किलोमीटर रेललाइन बिछाकर शिवपुरी को श्योपुरकलां से जोड़ने की स्वीकृति की घोषणा की। कोटा रेल मण्डल अब इसकी डीपीआर बनाएगा।

वैसे ग्वालियर से श्योपुरकलां के बीच ब्रिटिश काल में सिंधिया शासकों द्वारा बिछाई गई नैरोगेज रेललाइन को उखाड़कर ब्राॅडगेज बिछाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

ग्वालियर से बिरलानगर, बामोर से सुमावली तक 30 किलोमीटर रेललाइन बिछा भी दी गई है। ग्वालियर से कोटा तक कुल लंबाई 294 किलोमीटर रेललाइन बिछानी है। इसे दिसम्बर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। शिवपुरी को श्योपुरकलां में इसी लाइन से जोड़ा जाएगा।

कोटा से दीगोद तक पहले से रेललाइन चालू है लेकिन दीगोद से श्योपुरकलां ( 94 किलोमीटर ) के बीच नई रेललाइन बिछानी होगी। उसकी डीपीआर पर काम चल रहा है जो नवम्बर में सार्वजनिक होगा।

वैसे श्योपुरकलां वाले सवाईमाधोपुर होकर नई दिल्ली, मुंबई , जयपुर और कोटा से जुड़े हैं। इसलिए हमेशा से यह मांग उठाते रहे हैं कि सवाईमाधोपुर-खंडार-श्योपुरकलां- शिवपुरी- झांसी के बीच रेललाइन बिछाई जाए उसमें से अभी सिर्फ शिवपुरी – श्योपुरकलां खण्ड की मांग स्वीकृत हुई है। अगर पूरी बनती है तो इससे जयपुर- झांसी का सीधा जुड़ाव होगा।

शिवपुरी से झांसी जोड़ दिया जाता है तो कोटा से श्योपुर-शिवपुरी-झांसी होकर उत्तर प्रदेश के तमाम बड़े शहरों यथा इलाहबाद, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर का भी नया रास्ता खुलेगा।

वैसे बारां से किशनगंज- शाहबाद-भंवरगढ़-केलवाड़ा- कस्बांथाना से शिवपुरी को भी रेललाइन से जोड़ने की मांग होती रही है। देखे कब पूरी होती है!
( इसका एक वीडियो यूट्यूब पर है जिसमें मंत्री जी घोषणा कर रहे हैं )

Advertisement