29.7 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Literature … वरना त्योहार और विवाह गूंगे हो जाएँगे ।।

… वरना त्योहार और विवाह गूंगे हो जाएँगे ।।

whatsapp image 2023 01 12 at 08.48.57
केशवराय पाटन के केशवराय मंदिर में भजन कीर्तन करती स्थानीय महिलाएं। फाइल फोटो नीलम

-सुनीता करोथवाल-

sunita karothwal
सुनीता करोथवाल लेखिका एवं कवयित्री

बूढ़ी तुम ही नहीं हो रही माँ
आहिस्ता आहिस्ता लोकगीत भी बूढ़े हो रहे हैं
अनचाहे बुजुर्ग से गाँव में छूट गए लोकगीत

डी जे चीखता है महिला संगीत पर
छोटी ढोलकी पर कौन ठुमकता है देशी अंदाज में अब भला
शर्मिन्दा सी दुबक गयी है वो जाने किस कोने में..

बच्चे दुखी नहीं होते अब
ढीले पजामे को बार बार उपर खींचकर
ढोलक के पागलपन में…

फिल्मी गीत बजते हैं घर घर
लोकगीत कब्र में गिरने को हैं…

बुजुर्ग की मौत पर गाए जाने वाले
जीवन दर्शन के गीत
चाक भात के गीत
सुरीली बन्नो
विवाह में फेरों के गीत
फाल्गुन के मनभावन गीत
कुल देवता के गीत
पानी भरने जाती औरतों के श्रृंगार के गीत
देवर भाभी के गीत…

होली पर गाए जाने वाले फाल्गुन गीत
चाँदनी रातों में नाचती दादी मर चुकी
और वो गीत भी बुढ़ापे से लड़खड़ा रहे हैं
अल्हड़ बेटियाँ नाचती नहीं रात को
होली के गीतों पर
चले जाते हैं त्योहार पटाखों में चीखकर
लोकगीत और धरती दोनों रो रहे हैं…

कार्तिक स्नान करती नानी
भजन गाती सुबह चार बजे कुएँ पर सखियों संग
फिर माँ सीख गयी
सुनो माँ अब तुम मुझे दे दो ये लोकगीत …

आओ बाँट लें एक एक गीत
वरना त्योहार और विवाह गूंगे हो जाएँगे ।।
सुनीता करोथवाल

Advertisement
1 Comment
Oldest
Newest Most Voted