25.9 C
Kota
Saturday, October 17, 2026
Home Politics and Current Affairs भाजपा ने यूनिफार्म सिविल कोड लागू करने के लिए कमेटी के गठन...

भाजपा ने यूनिफार्म सिविल कोड लागू करने के लिए कमेटी के गठन की घोषणा की तो गहलोत ने कांग्रेस की सरकार बनाने का किया दावा

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर गहमा-गहमी तेज

harsh sanghvi
हर्ष संघवी गुजरात में यूनिफार्म सिविल कोड लागू करने के लिए कमेटी के गठन की जानकारी देते हुए। फोटो हर्ष संघवी के सोशल मीडिया अकाउंट से साभार

सूरत। गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर शनिवार को बड़ा फैसला लिया है। गुजरात कैबिनेट ने यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने के लिए कमेटी गठन को मंजूरी दे दी है। दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री और गुजरात के कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत ने इस बार कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है।

 

कमेटी की अध्यक्षता हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैबिनेट की बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। बैठक में यूनिफॉर्म सिविल कोड के लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला हुआ है। हर्ष सिंघवी ने कहा कि गुजरात कैबिनेट ने यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने के उद्देश्य से कमेटी गठित करने को अनुमति प्रदान की है। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने बताया कि गुजरात में यूनिफॉर्म सिविल कोड के कार्यान्वयन के लिए गठित कमेटी की अध्यक्षता हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। कमेटी में तीन से चार सदस्य होंगे। गुजरात कैबिनेट ने इसके लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है और आने वाले दिनों में सीएम इस कमेटी का गठन करेंगे।

गहलोत का दावा, गुजरात में बनाएंगे कांग्रेस की सरकार

ashok gehlot
अशोक गहलोत

उधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वडोदरा में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्य में सत्ताधारी दल भाजपा के विफल होने का आरोप लगाते हुए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया। अशोक गहलोत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोरोना में भाजपा सरकार की वजह से गुजरात राज्य बदनाम हो गया। झूठे आंकड़े, अराजकता और अनगिनत मौतों सहित कई ऐसे सवाल हैं। हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे और भाजपा का शासन खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का मजाक बना रही है। कांग्रेस में चुनाव प्रचार से बदला लेने की भावना नहीं है। इस समय गुजरात प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी की मार से युवा जूझ रहे हैं।

10 लाख की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की नीति लागू करें

उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में राज्य की स्थिति भयावह नजर आ रही है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध है कि राजस्थान की तरह पूरे देश में लोगों के लिए 10 लाख की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की नीति लागू करें। उन्होंने कहा कि हम चुनाव के दौरान किए गए दावों को पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त करने की बात करने वाले खुद आजाद हो जाएंगे। अब लोग समझदार हो गए हैं। लोकार्पण उद्घाटन के नाम पर झूठा प्रचार करने में विश्वास न करें। भाजपा भगवान के नाम पर राजनीति कर रही है और आप पार्टी भी उस नीति को अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा किसानों के लिए हाल ही में घोषित किया गया पैकेज चुनावोन्मुखी है

Advertisement