29.5 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Politics and Current Affairs राहुल गांधी आज शाम पहुंचेंगे जगपुरा, भारत जोड़ो यात्रा में एम्बुलेंस को...

राहुल गांधी आज शाम पहुंचेंगे जगपुरा, भारत जोड़ो यात्रा में एम्बुलेंस को दिया रास्ता

भारत यात्रा में जैसलमेर के मांगणियार लोक कलाकार शामिल हुए थे जिन्होंने काफिले में चलते-चलते ही अपने वाद्य यंत्रों और गायन से अपनी लोक कला को प्रदर्शित किया। उनके साथ यात्रा में शामिल हुए इस दल में शामिल एक बाल कलाकार को देखकर श्री राहुल गांधी ने अपने पास बुलाया और उसके सिर पर हाथ रखकर ने केवल दुलारा बल्कि कुछ दूरी तक उसके कंधे पर हाथ रख कर उसे अपने साथ लेकर आगे बढ़ते देखे गए

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज शाम को कोटा की नगरी़ सीमा के बाहर जगपुरा पहुंच जाएंगी। श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दरा क्षेत्र में हिरियाखेड़ी में रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह दरा रेलवे स्टेशन के बाहर से शुरू हुई।
उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य कई नेता भी चल रहे हैं जबकि कांग्रेस पार्टी नेतृत्व की ओर से कल ही राजस्थान के प्रभारी नियुक्त किए गए कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और पंजाब में पूर्व चन्नी सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे सुखविंदर सिंह रंधावा भी आज रास्ते में श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो जाएंगे। श्री रंधावा की राजस्थान का प्रभारी बनने के बाद राजस्थान की यह पहली यात्रा है। कल ही वे नई दिल्ली से विमान से देर शाम को जयपुर पहुंचे थे और वहां से सड़क मार्ग से चलकर आज तड़के करीब तीन बजे कोटा पहुंचे जहां उन्होंने विश्राम किया। उसके बाद आज सुबह श्री राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के लिए कोटा से रवाना हुए।

rahul
photo courtesy Venisha G Kiba

दरा से रवाना होने के बाद मंडाना की ओर बढ़ते समय झालावाड़ से मरीज को लेकर कोटा की ओर जा रही एक एंबुलेंस को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल यात्रियों ने तत्काल निकालने के लिए रास्ते की व्यवस्था की जिसके चलते मरीज को लेकर एम्बुलैंस तेजी से कोटा की ओर निकल गई। रास्ते में जगह-जगह श्री राहुल गांधी की भारत यात्रा का जोरदार तरीके से स्वागत का सिलसिला अभी भी जारी है और श्री राहुल गांधी लगातार लोगों का हाथ जोड़कर, हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए साथ चल रहे हैं। इसके पहले उनकी भारत यात्रा में जैसलमेर के मांगणियार लोक कलाकार शामिल हुए थे जिन्होंने काफिले में चलते-चलते ही अपने वाद्य यंत्रों और गायन से अपनी लोक कला को प्रदर्शित किया। उनके साथ यात्रा में शामिल हुए इस दल में शामिल एक बाल कलाकार को देखकर श्री राहुल गांधी ने अपने पास बुलाया और उसके सिर पर हाथ रखकर ने केवल दुलारा बल्कि कुछ दूरी तक उसके कंधे पर हाथ रख कर उसे अपने साथ लेकर आगे बढ़ते देखे गए।

rahul00
photo courtesy Venisha G Kiba

दोपहर में भोजन के बाद कुछ देर रुक कर श्री राहुल गांधी का कोटा की ओर प्रस्थान करने का कार्यक्रम है। जगपुरा में अपने रात्रि पड़ाव स्थल पर पहुंचने से पहले वे दो स्थान पर नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी भारत जोड़ो यात्रा के साथ लगातार बने हुए हैं।

rahul
photo courtesy Venisha G Kiba
Advertisement