19.2 C
Kota
Monday, November 23, 2026
Home Politics and Current Affairs पंजाब चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा दांव, क्या किशोरी लाल...

पंजाब चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा दांव, क्या किशोरी लाल शर्मा बनेंगे ‘डार्क हॉर्स’ ?

किशोरी लाल शर्मा लगभग चार दशक से उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दो संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी में लगातार पार्टी और गांधी परिवार के लिए काम कर रहे हैं। गांधी परिवार ने 2024 में अपनी पारंपरिक लोकसभा सीट अमेठी से शर्मा को प्रत्याशी बनाया और शर्मा लोकसभा चुनाव जीत कर सांसद बने।

photo courtesy social media

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी के मन में क्या चल रहा है, इसे समझने के लिए, चुनाव की घोषणा होने से पहले पंजाब कांग्रेस मैं हाई कमान के द्वारा की गई बड़ी घोषणाओं पर नजर डालनी होगी।
कांग्रेस हाई कमान ने पंजाब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी भूपेश बघेल को बदलकर सचिन पायलट को प्रभारी बनाया। सचिन पायलट के पंजाब कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रभारी बनने के तुरंत बाद हाई कमान ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा बोर्डिंग को हटाकर विधायक परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया।
यह दोनों बड़ी नियुक्तियां ऐसे समय पर हुई जब पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर नेताओं के बीच में जंग छिड़ी हुई थी, तब राहुल गांधी ने अपने भरोसेमंद नेता सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाकर पंजाब पहुंचाया। सचिन पायलट के पंजाब पहुंचते ही राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद पर परगट सिंह को अध्यक्ष बनाकर विराम लगाया। बात यहीं तक नहीं रुकी, पंजाब विधानसभा चुनाव को मद्दे नजर रख चुनाव समिति का मुखिया कौन हो इस पर भी राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह को ही जिम्मेदारी देकर सभी को चौंका दिया। जो नेता चुनाव समिति का चेयरपर्सन बनना चाहते थे उन्हें चुनाव समिति का सदस्य बना दिया। लेकिन बड़ी बात यह है कि जिस पर अभी तक शायद राजनीतिक विश्लेषकों की नजर नहीं पड़ी है, गांधी परिवार के सबसे भरोसेमंद नेता अमेठी लोकसभा से सांसद किशोरी लाल शर्मा को कांग्रेस हाई कमान ने पंजाब कांग्रेस चुनाव समिति का सदस्य क्यों बनाया। किशोरी लाल शर्मा लगभग चार दशक से उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दो संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी में लगातार पार्टी और गांधी परिवार के लिए काम कर रहे हैं। गांधी परिवार ने 2024 में अपनी पारंपरिक लोकसभा सीट अमेठी से शर्मा को प्रत्याशी बनाया और शर्मा लोकसभा चुनाव जीत कर सांसद बने।
बड़ी बात तो यह है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा के चुनाव हैं, इसके बावजूद शर्मा को उत्तर प्रदेश की जगह पंजाब कांग्रेस चुनाव समिति का सदस्य क्यों बनाया, इसका जवाब यह हो सकता है कि किशोरी लाल शर्मा मुलत: पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। शायद इसीलिए शर्मा को पंजाब कांग्रेस चुनाव समिति का सदस्य बनाया होगा। लेकिन यदि राजनीतिक विश्लेषण करें तो, पंजाब को लेकर राहुल गांधी के मन में क्या चल रहा है इस पर भी चर्चा करनी होगी और पंजाब कांग्रेस के नेताओं के बीच में चुनाव से पहले और चुनाव के बाद क्या चल रहा होगा इस पर भी समीक्षा करनी होगी। पंजाब कांग्रेस के भीतर लंबे समय से जट सिख और गैर जट सिख के बीच में नेतृत्व का विवाद चल रहा है। 2017 में पंजाब में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की थी तब मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा सुनील जाखड़ भी थे लेकिन कांग्रेस हाई कमान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री बनाया, यह विवाद लंबे समय तक चला और 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर चर्चा हुई की गैर सिख को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया जाए। लेकिन पंजाब कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर जितना विवाद कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम पर था उतना ही विवाद सुनील जाखड़ के नाम पर भी था। ऐसे में कांग्रेस हाई कमान की नजर अंबिका सोनी पर गई। लेकिन अंबिका सोनी ने शायद मुख्यमंत्री बनने से मना कर दिया, और अंत में राहुल गांधी ने दलित नेता चरणजीत चन्नी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया। अब सवाल उठता है कि 2027 में यदि कांग्रेस ने पंजाब की सत्ता में वापसी की तो मुख्यमंत्री कौन होगा। पंजाब कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर अनेक नेता मौजूद हैं लेकिन एक नाम पर फैसला हो और विवाद ना हो ऐसा नाम नजर आता नहीं है। ऐसे में किशोरी लाल शर्मा का नाम एक रहस्य है जिस पर से पर्दा पंजाब विधानसभा के चुनाव के बाद तब उठेगा जब पंजाब में कांग्रेस वापसी करेगी और मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर पंजाब के नेताओं के बीच विवाद बढ़ेगा। तब शायद राहुल गांधी बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेलेंगे और किशोरी लाल शर्मा का नाम अनाउंस करेंगे। किशोरी लाल शर्मा गांधी परिवार के भरोसेमंद नेता है और पंजाब कांग्रेस में सर्वमान्य नेता भी हो सकते हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

Advertisement