29.7 C
Kota
Thursday, October 15, 2026
Home Kota News कोटा में राजस्थान के पहले कार बाजार का लोकार्पण

कोटा में राजस्थान के पहले कार बाजार का लोकार्पण

शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा 21 अगस्त। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने प्रदेश के पहले सुव्यवस्थित कार बाजार का लोकार्पण कर मोटर व्यवसाय करने वाले परिवारों को बड़ी सौगात प्रदान की। इससे शहर में विभिन्न स्थानों में मोटर व्यवसाय करने वाले से नागरिकों को सुविधाऐं मिलने के साथ शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इस अवसर पर श्री धारीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास एवं सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रही है, यह प्रदेश का पहला सुव्यवस्थित कार बाजार है जिसमें मोटर व्यवसाय करने वाले नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाऐं मिलगी। यहां एक ही स्थान पर पुराने वाहन खरीदने वालों को भी अनेक विकल्प मिलेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय में कोटा के एयरोड्रम सर्किल के पास कार बाजार संचालित होता था जिसमें व्यवसायियों को परेशानी के साथ आम नागरिकों को भी रोजाना जाम की समस्या से सामना करना पडता था।

मार्केट में 247 दुकानों का निर्माण कराया

श्री धारीवाल ने कहा कि सरकार की मंशा सभी नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाकर उन्हे विकास के पथ पर आगे बढने के लिए सहायता एवं सहयोग प्रदान करना है। इसी सोच के साथ कोटा में पहले कार बाजार का सपना राज्य सरकार ने वर्ष 2013 संजोकर पूरा किया था। उन्होंने कहा कि नगर विकास न्यास की तरफ़ से इस मार्केट में 247 दुकानों का निर्माण कराया जा चुका है तथा 9 दुकानों का निर्माण और कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि नगर विकास द्वारा यहां सभी सुविधाओं का निर्माण कराया गया है, मोटर व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों से केवल दुकान निर्माण की लागत लेकर दुकान का मालिकाना हक प्रदान किया गया है।स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि शहर में पशुपालकों की सुविधा के लिए देवनारायण एकीकृत आवासीय योजना बनाई गई इससे पशुपालकों को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से निजात मिली है वहीं शहर में जगह-जगह अनाधिकृत पशुबाडों से निजात मिली है। उन्होंने कहा कि देवनारायण योजना में पशुपालकों के लिए सभी सुविधाओं का समावेश किया गया है। कभी इस योजना के फैल होने के कयास लगाये जा रहे थे आज इस योजना में आवास लेने के लिए पशुपालक नगर विकास न्यास के चक्कर लगा रहे है।

कार बाजार में सभी सुविधाओं का समावेश-

नगर विकास न्यास द्वारा तैयार किये गये प्रदेश के पहले कार बाजार को डीसीएम रोड पर शिवाजी पार्क के पास विकसित किया गया है। इसमें वर्तमान में 247 दुकान निर्मित है 9 दुकानों का निर्माण और कराया जायेगा। इसमें व्यवसायियों के लिए चारों ओर सीसी रोड़ का निर्माण, आधुनिक शौचालय, रोड़ लाईट, सभी दुकानों का विद्युतीकरण कराया गया है। लगभग 15 बीघा क्षेत्र इसके लिए आरक्षित है नगर विकास न्यास द्वारा इसके निर्माण पर 90 लाख रूपये से अधिक का व्यय किया गया है। न्यास द्वारा मोटर व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों से प्रत्येक दुकान का निर्माण लागत 5 लाख 50 हजार रूपये लिये गये है।

Advertisement