33.5 C
Kota
Friday, October 16, 2026
Home Kota News नैनवां की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनौती:गुंजल

नैनवां की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनौती:गुंजल

एक महीने पहले इसी से आधा किलोमीटर दूर बदमाश किसी के कानों की मुर्खिया तोड़ कर ले गये थे

gunjal
प्रहलाद गुंजल अस्पताल में पीडिता के हालचाल पूछते हुए।

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल एमबीएस हॉस्पिटल पहुंच 2 सितम्बर को नैनवां में चांदी के कडे के लिये एक महिला के पावं काटने की हुई घटना के पीड़ित परिवार से मिले। इस मौके पर घटना के प्रति अपनी नाराजगी प्रकट करते हुए गुंजल ने कहा कि नैनवा के पास कीरों का झोपड़ा में केवल चांदी के एक कड़े के लिए 80 वर्षीय वृद्धा का पैर काटने की जो घटना हुई है, वह प्रदेश की कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।
उन्होंने कहा कि “मैं समझता हूं कि कानून का खौफ बदमाशों में बचा ही नहीं है। यह कोई साधारण घटना नहीं है बल्कि यह दिल दहला देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि एक महीने पहले इसी से आधा किलोमीटर दूर बदमाश किसी के कानों की मुर्खिया तोड़ कर ले गये थे। अफ़सोस की बात तो यह है कि जब वह पीड़ित पुलिस में जाता है तो उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी जाती है। नतीजा यह निकलता है कि अपराधियों का हौसला बढ़ जाता है व उसके एक महीने बाद ही यह घटना हो जाती है यह शासन व प्रशासन की पूर्ण विफ़लता है।
गुंजल ने कहा कि आने वाले तीन-चार दिन में पुलिस इस घटना का खुलासा करें कि वे कौन बदमाश थे जिन्होंने एक चांदी के कड़े के लिए वृद्धा के पैर को काटा है। वे बदमाश पकड़े जाने चाहिए तथा निश्चित रूप से दंडित होने चाहिए, नहीं तो मैं परिवार के साथ धरने पर बैठूंगा व सर्वसमाज को साथ लेकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी जायेगी।”
गुंजल ने अस्पताल में उनके पुत्र व पत्रकार तुलसीराम सैनी से चर्चा कर घटना की जानकारी ली व हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि न्याय दिलाने के लिए संघर्ष भी करना पड़ेगा तो करेंगे। इस दौरान बूंदी भाजपा नेता रुपेश शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज साहू, मनीष गुर्जर, प्रशांत सक्सैना, घनश्याम कुमावत, मानसिंह लोधा, तोलाराम, हर्षित माचल, किशन सिंह, मोहन सिंह, विष्णु पारीक, मोहम्मद आरिफ सहित भाजपा कार्यकर्ता साथ रहे।

Advertisement