
सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन के मंच से राहुल गांधी ने सुनाया राजीव गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह का किस्सा, सियासी गलियारों में भावी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज
-देवेंद्र यादव-

पंजाब में कांग्रेस क्या 2017 की तरह 2027 में भी सत्ता में वापसी करेगी? क्या कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने 16 नवंबर, सोमवार को श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन के अवसर पर अपने संबोधन के दौरान इसके संकेत दिए?
हालांकि राहुल गांधी का संबोधन पूरी तरह गैर-राजनीतिक था, लेकिन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक किस्सा सुनाकर उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की भावी रणनीति के बारे में अटकलों को जरूर हवा दे दी। खास बात यह रही कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में होने के बावजूद श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में मौजूद थे और पहली पंक्ति में सोनिया गांधी के साथ बैठे थे। इसी दौरान राहुल गांधी ने उनकी मौजूदगी में राजीव गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह से जुड़ा एक किस्सा सुनाया।
2017 में कैप्टन की कप्तानी में लौटी थी कांग्रेस
राहुल गांधी के इस किस्से को पंजाब की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इसकी वजह भी है। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस फिलहाल सत्ता से बाहर है। वर्ष 2022 में कांग्रेस की सत्ता से विदाई के पीछे पार्टी के भीतर का अंतर्कलह और कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला भी एक बड़ी वजह माना जाता है।
वर्ष 2017 में कांग्रेस ने एक दशक बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह की कप्तानी में पंजाब की सत्ता में वापसी की थी। विधानसभा की 117 सीटों में से 77 सीटें जीतकर कांग्रेस ने अपनी सरकार बनाई और कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री बने। उस समय भी मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर पंजाब कांग्रेस के नेताओं के बीच खींचतान थी, लेकिन श्रीमती सोनिया गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भरोसा जताया। कैप्टन इस भरोसे पर खरे उतरे और उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की।
कैप्टन को हटाने के फैसले से बिगड़ा सियासी समीकरण
हालांकि, सरकार बनने के बाद भी पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर विवाद थमा नहीं। पार्टी के भीतर नेताओं के बीच खींचतान लगातार जारी रही। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की घोषणा से कुछ महीने पहले कांग्रेस हाईकमान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाकर दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया।
इस फैसले से नाराज होकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी। इसके बाद पार्टी का आंतरिक संकट और गहरा गया। नतीजा यह हुआ कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी पंजाब में पार्टी के लिए फिर से सत्ता का रास्ता खोल सकती है?
मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की कतार अब भी लंबी
पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर नजर डालें तो वर्ष 2017 की तरह आज भी मुख्यमंत्री पद को लेकर नेताओं की दावेदारी कम नहीं हुई है। बल्कि दावेदारों की संख्या और बढ़ी है। पार्टी के भीतर कई नेता मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं। हालांकि, इस बार एक महत्वपूर्ण अंतर जरूर दिखाई देता है। मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में ज्यादातर नेता लोकसभा के सदस्य हैं।
लोकसभा चुनाव वर्ष 2029 में होने हैं और कांग्रेस के लिए मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में लोकसभा की एक-एक सीट महत्वपूर्ण है। संभव है कि इसी राजनीतिक गणित को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी ने हाल ही में पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रगट सिंह को जिम्मेदारी सौंपी। प्रगट सिंह पंजाब विधानसभा के सदस्य हैं। उन्होंने राजा वड़िंग की जगह प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाला। राजा वड़िंग लोकसभा के सदस्य थे।
खास बात यह भी है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल ज्यादातर नेता लोकसभा सदस्य थे। ऐसे में राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्यों के बजाय विधानसभा सदस्य प्रगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर एक अलग राजनीतिक संदेश दिया। इसे पार्टी के भीतर संगठन और संसदीय राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा सकता है।
क्या 2027 में कैप्टन पर फिर दांव लगाएंगे राहुल गांधी?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में वापसी करेंगे? क्या वह वर्ष 2017 की तरह 2027 में भी अपनी कप्तानी में कांग्रेस को पंजाब की सत्ता में वापसी करवा पाएंगे? और सबसे अहम सवाल यह कि जिस राहुल गांधी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था, क्या वही राहुल गांधी वर्ष 2027 में कांग्रेस की सत्ता में वापसी होने पर एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में होंगे?
राहुल गांधी के संबोधन में सुनाए गए किस्से को इन सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, केवल एक किस्से के आधार पर कैप्टन की कांग्रेस में वापसी या उन्हें दोबारा नेतृत्व सौंपने के संकेत मान लेना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति, नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। ये उनके निजी विचार हैं।)


















